दादा मियां की मजार पर बिना अनुमति चादरपोशी जुलूस निकालने का आरोप लगाते हुए हिंदूवादी संगठनों ने विरोध किया। खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बैंडबाजे और लाउडस्पीकर को बंद कराया। उसके बाद चादरपोशी की गई। विहिप कार्यकर्ताओं ने पुलिस चौकी में इंस्पेक्टर बीडी उनियाल से मुलाकात कर तहरीर सौंपी। विहिप ने बिना अनुमति के चादरपोशी जुलूस निकालने वाले आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
बता दें कि सुल्तानपुर पट्टी के रामपुर रोड पर दादा मियां की दरगाह पर 25 मार्च से उर्स चल रहा है जिसका समापन 27 मार्च को होगा। रविवार को दूसरे दिन मुस्लिम समाज के लोग दरगाह पर चादरपोशी के लिए बैंड बाजे के साथ जुलूस के रूप में मुख्य मार्ग से जा रहे थे। इस दौरान कुछ हिंदूवादी संगठनों ने बिना अनुमति के चादरपोशी जुलूस निकालने पर आपत्ति जताते हुए विरोध किया। खबर मिलते ही कोतवाल बीडी उनियाल, एसएसआई कमलेश भट्ट, एसआई नंदन सिंह रावत, एसआई योगेश दत्त मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। पुलिस ने समझाकर लोगों को शांत कर दिया। पुलिस ने लाउडस्पीकर को भी बंद करा दिया। उसके बाद समाज के लोगों ने सादे रूप मेें चादरपोशी की। मौके पर विहिप जिलामंत्री यशपाल राजहंस, राजेश कुमार, जोनी मौर्य, हरजीत सिंह, संजय मौर्य, विभोर भारद्वाज आदि थे।
परंपरागत कार्यक्रमों में अनुमति की कोई आवश्यकता नही थी लेकिन बैंड बाजे और लाउडस्पीकर बजाते हुए जुलूस की शक्ल में जाना गलत था। जिस पर रोक लगा दी गई। उसके बाद समाज के लोगों ने पूर्व की भांति परंपरागत रूप से चादरपोशी की।
-बीडी उनियाल, कोतवाल बाजपुर