रुद्रपुर कलक्ट्रेट में नई रेलवे लाइन के सर्वे के लिए अधिकारियों की बैठक लेते डीएम नीरज खैरवाल
- फोटो : Amar Ujala
लालकुआं से वाया सिडकुल सितारगंज होते हुए खटीमा तक नई रेल लाइन बिछाने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। डीएम डॉ. नीरज खैरवाल ने अधिकारियों की बैठक में रेल लाइन के लिए दोबारा सर्वे करने के निर्देश दिये। शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि इस लाइन को बिछाने के लिए वर्ष 2007 में भी सर्वे हुआ था।
लेकिन तब से अबत तक परिस्थितियां बदल गई हैं। इसलिए नई परिस्थितियों को देखते हुए लालकुआं से सिडकुल सितारगंज -नानकमत्ता-खटीमा तक रेल लाइन डालने के लिए दोबारा सर्वे किया जाए। सर्वे में इस बात का ध्यान रखें कि रेलवे ट्रैक के लिए अधिक से अधिक भूमि वन विभाग व बंजर भूमि होनी चाहिए। कृषि भूमि का इसके लिए चयन न किया जाए।
डीएम ने कहा कि यह नई रेल लाइन सरकार की प्राथमिकता है। इसके बनने से जहां लोगों को यातायात में सुविधा मिलेगी वहीं सितारगंज सिडकुल के उद्योगपतियों को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा सर्वे के कार्यों में एसडीएम किच्छा, सितारगंज व खटीमा रेलवे विभाग का पूरा सहयोग करेंगे। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद उसे शासन को भेजा जाएगा। बैठक में एडीएम प्रताप सिंह शाह, रेलवे के एके सिंह, एसएलओ एनएस नबियाल, एसडीएम विजयनाथ शुक्ल, नरेश चंद्र दुर्गापाल, विनोद कुमार उपस्थित थे।