रुद्रपुर। पुरुष होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती प्रक्रिया के अंतिम दिन में तेज धूप में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ी रही। अभ्यर्थी फॉर्म लेकर घंटों अपनी बारी के लिए इंतजार में खड़े नजर आए।
शुक्रवार को जिला कमांडेंट होमगार्ड्स कार्यालय में सुबह से ही युवा आवेदन जमा करने के लिए पहुंचने लगे और देर शाम तक लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी और तेज धूप के बाद भी अभ्यर्थी घंटों लाइन में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
जिला कमांडेंट होमगार्ड्स प्रतिमा ने बताया कि जिले में पुरुष होमगार्ड स्वयंसेवकों के 76 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इनमें 69 पद अनारक्षित और सात पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए आरक्षित हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 22 मई रात 11:59 बजे निर्धारित की गई थी जिसके चलते अंतिम दिन बड़ी संख्या में युवाओं ने कार्यालय पहुंचकर आवेदन जमा किए।
उन्होंने बताया कि भर्ती के लिए हाईस्कूल उत्तीर्ण होना अनिवार्य है जबकि आयु सीमा 18 से 40 वर्ष तय की गई है। चयन प्रक्रिया में शारीरिक माप-तौल और दक्षता परीक्षा कराई जाएगी। अभ्यर्थियों ने कहा कि रोजगार के सीमित अवसरों के बीच होमगार्ड भर्ती युवाओं के लिए बेहतर मौका साबित हो रही है।