नानकमत्ता में रंसाली वन टीम द्वारा पकड़ा गया सांभर मीट।
- फोटो : SITARGANJ
नानकमत्ता। वन विभाग की टीम ने छापामार कर संरक्षित सांभर का मीट बनाते हुए एक शिकारी को गिरफ्तार कर लिया। मौके से शिकार करने में शामिल छह अन्य शिकारी फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी को जेल भेज दिया गया है। अन्य छह आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सोमवार की रात रंसाली वन क्षेत्र के रेंजर आरपी जोशी को मुखबिर से सूचना मिली कि वन क्षेत्र में कुछ शिकारी शिकार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर रेंजर ने टीम गठित कर सर्च अभियान चलाया लेकिन भनक लगने पर शिकारी शिकार कर मौके से निकल गए। बाद में मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर टीम ने ग्राम हरैया निवासी गुरदेव सिंह के घर छापा मारा। वहां प्रतिबंधित सांभर का मीट पक रहा था। टीम ने उसे सांभर के पके मीट के साथ धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपने साथ शिकार पर गए अन्य साथियों के नाम भी बताए। जिस पर टीम ने ग्राम बिचुवा निवासी मंगत सिंह, कमर सिंह, अमरीक सिंह, बग्गड़ सिंह, हरबंस सिंह, और स्वर्ण सिंह के घर छापा मारा। लेकिन आरोपी फरार हो चुके थे। टीम ने पकड़े गए आरोपी को वन्यजीव अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। टीम में नवल कपिल, कुलाण सिंह बिष्ट, डिगर सिंह नेगी, ललित पालीवाल, गणेश पांडे, गोविंद कोरंगा, दिनेश आर्य आदि थे।