रुद्रपुर। महिला के एक हाथ में सिगरेट और दूसरे में पोनिया बंदूक थमाकर उसकी फोटो वायरल करना एक युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं महिला का पुलिस एक्ट में चालान किया गया।
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुई थी जिसमें महिला के एक हाथ में सिगरेट और दूसरे हाथ में पोनिया बंदूक थी। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने फोटो वायरल होने के बाद जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए। मामले की जांच एसएसआइ नवीन बुधानी व रंपुरा चौकी इंचार्ज कविंद्र शर्मा को सौंपी गई।
पुलिस ने महिला की पहचान कर उससे पूछताछ की। उसने बताया कि पोनिया बंदूक मूलरूप से ग्राम लक्खा, शीशगढ़, बरेली और हाल आवास विकास निवासी अनिल शर्मा की है। अनिल ने ही पोनिया बंदूक के साथ उसकी फोटो लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। शनिवार को पुलिस ने अनिल शर्मा को पोनिया बंदूक और एक कारतूस के साथ एफएसएल रोड से गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला का पुलिस एक्ट में चालान किया गया है। अनिल पर आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।