सुल्तानपुर पट्टी। ड्रग इंस्पेक्टर और पुलिस की संयुक्त टीम ने नगर के एक मेडिकल संचालक के घर पर छापा मारा। इस दौरान भारी मात्रा में नशे के कैप्सूल और टेबलेट बरामद हुई। समाचार लिखे जाने तक टीम जांच पड़ताल में जुटी थी।
शुक्रवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर निधि शर्मा, ड्रग इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने पुलिस टीम के साथ सुल्तानपुर पट्टी स्थित होली चौराहा के पास एक मेडिकल स्टोर संचालक के मकान पर छापा मारा। इस दौरान एक कमरे में रखे भारी मात्रा में नशे के कैप्सूल और टेबलेट बरामद हुई। टीम ने नशे के कैप्सूल और टेबलेट को जब्त कर घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की। ड्रग निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी है।