काशीपुर। रामनगर रोड पर स्टेडियम के निकट बन रही पुलिया में निम्न स्तर की निर्माण सामग्री लगाने की शिकायत पर सांसद प्रतिनिधि एवं पूर्व विधायक राजीव अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया।
सोमवार को मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक अग्रवाल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों व ठेकेदार को भी जमकर लताड़ लगायी। यहां बता दें कि रामनगर रोड पर स्टेडियम के निकट पिछले काफी समय से हाइवे के निकट पुलिया का निर्माण किया जा रहा है। आधी पुलिया बन चुकी है। जबकि आधे भाग के निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के चलते मौके पर जमा मलबे से उड़ती धूल से राहगीरों को ही नहीं बल्कि निकटवर्ती दुकानदारों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं निर्माण कार्य भी मानकों के विपरीत हो रहा है। लोगों का कहना है कि पुलिया निर्माण में पीली ईंट तो लगायी ही जा रही है सीमेंट का भी प्रयोग सही मात्रा में नहीं हो रहा है। गौरतलब हो कि पिछले सप्ताह एसडीएम डा.आशीष श्रीवास्तव की लताड़ पर पीली ईंटें आनन-फानन में खपाने के बाद जो ईंट मंगाई गयी वह भी गुणवत्ता पर खरी नहीं उतरती।
उधर सोमवार को फिर लोगों की शिकायत पर पूर्व विधायक ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाने के साथ ही फोन पर संबंधित विभाग के अधिकारियों व ठेकेदार को जमकर लताड़ लगाई। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिया निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की जांच उच्च अधिकारियों से कराने के बाद ही कार्य प्रारंभ होने दिया जाएगा।