चकरपुर। वन रावत बस्ती में घुसे हाथियों के झुंड को खदेड़ते समय एक हाथी ने एक ग्रामीण को कुचल दिया। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। हाथी के हमले के बाद से ग्रामीणों में दहशत है। वहीं विधायक पुष्कर सिंह धामी, एसडीएम चंद्र सिंह इमलाल और उप प्रभागीय वनाधिकारी राजेश श्रीवास्तव, रेंजर टीएस शाही ने स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी है। मृतक आश्रित को दो लाख रुपए की तात्कालिक सहायता दी जाएगी।
बिल्हैरी ग्राम सभा के जंगल से लगी वन रावत बस्ती में बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे हाथियों का झुंड घुस आया। हाथियों को भगाने के लिए ग्रामीण मशाल और ढोल-नगाड़े बजाने लगे। तभी हाथियों के भागते झुंड में से एक हाथी ने पलटकर एक ग्रामीण कृष्णा नंद भट्ट पर हमला कर दिया। हाथी ने उसे सूंड़ से उठाकर पटकने के बाद पैरों से कुचल दिया। किसी तरह ग्रामीणों ने हाथी को भगाया और घायल कृष्णा नंद को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
इधर, शुक्रवार सुबह हाथी के हमले की सूचना पर विधायक पुष्कर सिंह धामी ने बस्ती पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। एसडीएम चंद्र सिंह इमलाल ने स्थलीय निरीक्षण कर घटना की रिपोर्ट डीएम को भेजी है। उप प्रभागीय वनाधिकारी राजेश श्रीवास्तव एवं वन क्षेत्राधिकारी टीएस शाही ने स्थिति का जायजा लेकर रिपोर्ट प्रभागीय वनाधिकारी डा. पराग मधुकर धकाते को भेजी है। एसडीओ फारेस्ट ने बताया कि मृतक आश्रित को दो लाख रुपए की तात्कालिक सहायता दी जाएगी।
इनसेट
जंगल से लगे गांवों में हाथियों का आतंक
खटीमा। जंगल से लगे गांवों में इन दिनों हाथियों का जबर्दस्त आतंक बना हुआ है। किलपुरा और खटीमा वन रेंज से लगे गांवों में हाथियों के झुंड खासा उत्पात मचा रहे हैं। इससे जहां इन गांवों में बसे लोगों की फसल बर्बाद हो रही है, वहीं हर समय लोगों को जान का खतरा भी बना रहता है। खटीमा वन रेंज से लगे गोसीकुंआ ग्राम की प्रधान रेखा राणा ने बताया कि हाथियों के झुंड ने ग्रामीण प्रेम सिंह, श्रीकृष्ण, विजेंद्र, राजेश राणा, गोविंद सिंह, चंद्रसेन, उम्मेद सिंह आदि के खेतों में लगी फसल रौंद दी है। इसकी सूचना वन महकमे के अधिकारियों को दे दी गई है। ग्राम प्रधान गोसीकुंआ रेखा राणा ने जंगली जानवरों से निजात न दिलाने पर जनांदोलन की धमकी दी है।