रुद्रपुर। पुलिस ने ट्रांजिट कैंप शिवनगर में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर तीन महिलाओं समेत पांच लोगाें को गिरफ्तार किया है। रैकेट में शामिल दो महिलाएं मुरादाबाद और एक रामपुर की है। पुलिस को इनके पास से 6300 रुपए की नगदी और 10 पैकेट कंडोम बरामद किए। पुलिस ने पांचों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
सोमवार को अमर उजाला ने रुद्रपुर में फैला हाइप्रोफाइल सेक्स रैकेट शीर्षक से समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसे संज्ञान में लेते हुए जिले के कप्तान निलेश आनंद भरणे ने पुलिस की एक टीम गठित की थी। एसएसपी निलेश आनंद भरणे ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात मुखबिर ने सूचना दी कि ट्रांजिट कैंप के शिवनगर में एक मकान में देह व्यापार का धंधा चल रहा है।सीओ राजीव मोहन, चौकी इंचार्ज मदन मोहन जोशी महिला पुलिस कर्मियों के साथ शिवनगर पहुंचे और बताए गए मकान में दबिश दी। इस दौरान दो अलग अलग कमरों में संदिग्ध हालत में दो युवक और तीन महिलाएं पाई गईं। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपना नाम यूपी के जिला रामुपर ग्राम अजीमनगर निवासी शकील और बाबू बताया। जबकि पकड़ी गई महिलाओं ने यूपी के जिला मुरादाबाद जामा मस्जिद गली नंबर चार निवासी, जिला रामपुर के अजीमनगर निवासी और मुरादाबाद पीतल बस्ती कठघर निवासी बताया। बाद में पुलिस ने पांचों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।