नानकमत्ता। जंगल से सांभर का शिकार कर आ रहे दो शिकारियों को वन विभाग की टीम ने दबोच लिया। जबकि तीन शिकारी फरार हो गए। टीम ने दबोचे गए शिकारियों से दो बंदूक और जिंदा कारतूस बरामद किए। दोनों शिकारियों को जेल भेज दिया।
रविवार देर रात्रि दक्षिणी जौरासाल के वनक्षेत्राधिकारी राजेंद्र सिंह मनराल को सुतलीमठ वन क्षेत्र में वन्य जीव का शिकार होने की सूचना मिली। इस पर रेंजर मनराल मय टीम के मौके पर पहुंचे और कम्पार्ट संख्या 7 में शिकारियों की हलचल पर उन्हें घेर लिया। टीम ने गांगी गिधौर थाना नानकमत्ता निवासी श्रीकृष्ण सिंह पुत्र राम सिंह और महेंद्र सिंह पुत्र करन सिंह को धर दबोचा। दोनों शिकारियों के पास से शिकार किया गया सांभर, एक नाली की दो बंदूक बरामद हुई। वहीं तीन अन्य शिकारी मौके से फरार हो गए। जिनकी शिनाख्त गांगी गिधौर के ही हयात सिंह पुत्र मदन सिंह, मुकेश सिंह पुत्र बनवारी सिंह और ओमप्रकाश पुत्र जय सिंह के रूप में हुई। वन विभाग की टीम ने सभी शिकारियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की धारा के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों को जेल भेजा दिया। वन क्षेत्राधिकारी मनराल ने बताया कि फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। टीम में रामेश्वर दयाल वर्मा, सतीश चंद्र, बिशन लाल आर्या, किशन राम आर्या आदि शामिल थे।