काशीपुर। रामनगर से चंडीगढ़ तक चलाई जा रही एक्सप्रेस स्पेशल ट्रायल ट्रेन पर ब्रेक लग सकते हैं। क्योंकि इसे पर्याप्त यात्री नहीं मिल पा रहे हैं। रेलवे सूत्रों के मुताबिक यदि इस ट्रेन में उम्मीद से कम यात्री सफर करते हैं तो रेलवे विभाग इसे लगातार नहीं चलाने पर विचार कर सकता है।
काशीपुरवासियों की लंबे समय से रामनगर से चंडीगढ़ तक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग थी, जिस पर पूर्वोत्तर रेलवे ने रामनगर से चंडीगढ़ तक ट्रायल के रूप में चार दिन रामनगर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया। साथ ही यह विचार किया था कि यदि ट्रेन में यात्रियों की संख्या ठीकठाक रहती है तो इसे लगातार आगे चलाया जाएगा। 19 नवंबर को पहले दिन ट्रेन में खासी भीड़ नजर आई, लेकिन दूसरे दिन 20 नवंबर को इस ट्रेन में रेलवे अधिकारियों के अनुमान से कम ही यात्रियों ने सफर किया।
रेलवे सूत्र बताते हैं यदि इसी प्रकार 26 और 27 को ट्रेन में कम भीड़ रही तो रेलवे इसे आगे नहीं चलाने पर विचार कर सकता है।