रुद्रपुर। रम्पुरा से लापता पांच वर्षीय बालक की लाश मिलने के 20 दिन बाद भी पुलिस हत्या के राज से पर्दा नहीं उठा पाई है। हालांकि इस मामले के खुलासे को पुलिस व एसओजी की टीम गठित की गई है। बावजूद इसके आज तक पुलिस के हाथ कोई अहम सुराग नहीं लगा।
मूलरूप से बदायूं थाना कुंवरगांव ग्राम दुगरिया निवासी मुकेश कुमार का पुत्र ऋषभ (5) बीते 26 अक्टूबर को घर के बाहर से लापता हो गया था। ऋषभ की गुमशुदगी की सूचना पुलिस को भी दी गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। बाद में पुलिस को 31 अक्टूबर को ऋषभ की लाश काशीपुर रोड स्थित कीरतपुर की ओर जाने वाले मार्ग में सड़ीगली हालत में मिली। यहां तक की उसके पैर व शरीर के अन्य हिस्सों को भी जानवर खा चुके थे। शव के कुछ दूरी पर एक चश्मा व महिला का पर्स भी मिला। पर्स में सिंदूर, चूड़ियां व अन्य सामान भी बरामद हुआ। इससे अनुमान लगाया जा रहा था कि कहीं ऋषभ की हत्या किसी तांत्रिक ने तो नहीं की। घटना से गुस्साए लोगों ने विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कोतवाली में धरना प्रदर्शन भी किया। बाद में तत्कालीन एसएसपी नीलेश आनंद भरणे ने मामले का खुलासा 48 घंटों में करने का आश्वासन पर लोग शांत हुए। इधर घटना के 20 दिन बाद भी हत्या का खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि मामले के खुलासे को पुलिस व एसओजी की टीम गठित की गई है। बावजूद इसके आज तक पुलिस के हाथ कोई अहम सुराग नहीं लगा है। सीओ पंकज भट्ट ने बताया कि खुलासे को पुलिस की दो टीम लगी हुई है। जो कई बिंदुओं पर काम कर रही है। शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।