रुद्रपुर। दीपों का पर्व दीपावली जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। व्यापारिक प्रतिष्ठानों में जहां लक्ष्मी गणेश के साथ कुबेर की पूजा की गई वहीं घरों में भी लोगों ने विधि विधान के अनुसार लक्ष्मी गणेश की पूजा की। रंग बिरंगी आतिशबाजी और दीपों से पूरा शहर जगमगा उठा। दीपावली पर सुबह से ही बाजार में भारी भीड़ रही। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों में पूजा अर्चना की, वहीं घरों में भी विधि विधान के अनुसार महालक्ष्मी का पूजन हुआ। पूरा शहर में दीपों की रोशनी और आतिशबाजी से सतरंगी नजारा देखने को मिला । बच्चों ने रंगबिरंगी आतिशबाजी का लुत्फ उठाया तो बड़े भी इससे पीछे नहीं रहे। देर रात्रि तक प्रसाद वितरण के साथ ही लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की बधाई दी।
दिनेशपुर। दीपावली का त्योहार धूमधाम के साथ शांतिपूर्वक मनाया गया। इस दौरान लोगोें ने धन की देवी मॉं लक्ष्मी की पूजा अर्चना की। मंदिरों को भी आक र्षक ढंग से सजाया गया। बाजार में खासी रौनक रही। लोगों ने देर रात तक जमकर आतिशबाजी की। बंगाली समाज के प्रत्येक गांव में काली पूजा का आयोजन हुआ। नगर स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में दुर्गा पूजा कमेटी व वार्ड दो मोतीपुर में शिव सेवा समिति के तत्वावधान में मां काली की भव्य प्रतिमा सजाई गई। यहां श्यामा माई की जय, काली माई की जय, के धार्मिक नारों के बीच विधायक अरविंद पांडे ने व चेयरपर्सन सीमा सरकार ने श्री श्यामा काली पूजन का शुभारंभ किया। इस मौके पर हिमांशु सरकार, प्रकाश मंडल, विकास विश्वास, तुषार तरफदार,दिपांकर मंडल,भोला विश्वास, सपन मंडल, देवदास, सुशांत सरकार आदि मौजूद थे।