खटीमा। दोस्तों के साथ रॉग नंबर डॉयल करना एक युवक को महंगा पड़ गया। सरे राह युवती के हाथ थप्पड़ तो खाए। लोगों की झिड़की भी सुननी पड़ी बात इतने में ही नहीं निपटी लोगों ने उसे सबक सिखाने के लिए पुलिस के हवाले कर दिया।
हुआ यूं कि मेलाघाट रोड पर बाइक सवार तीन युवक साइकिल सवार युवती को फब्तियां कसने लगे। युवती ने पहले तो उन्हें नजर अंदाज कर दिया जब पानी सर से ऊपर जाने लगा तो उसने साइकिल रोकी, बाइक पर पीछे बैठे युवक को नीचे उतारकर थप्पड़ रसीद कर दिए। युवती की हिम्मत देख अन्य युवकों को कुछ समझ नहीं आया वे बाइक लेकर भाग गए। युवक को पिटता देख आसपास लोगों की भी भीड़ जमा हो गयी। लोगों ने मामला जानना चाहा तो युवती ने खुद को सीआईएसएफ में तैनात बताया।
मेलाघाट रोड से बाजार की ओर साइकिल से आ रही अमाऊं निवासी ज्योति पर बाइक सवार युवक फब्तियां कसने लगे। युवती ने बाइक पर पीछे बैठे युवक को पकड़ लिया और कई थप्पड़ रसीद कर दिए। जबकि बाइक पर सवार अन्य दो युवक बाइक लेकर फरार हो गए। घटना के बाद वहां भीड़ एकत्रित हो गई। युवक का कहना था कि उसने नहीं उसके दोस्तों ने छेड़छाड़ की है। लोगों ने युवती की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने अन्य युवकों को बुलाकर माफी मांगने को कहा। युवक ने अपने साथियों को कॉल की मगर उन्होंने फोन नहीं उठाया। लोगों ने पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। युवती ने बताया कि वह सीआईएसएफ की जवान है और मुंबई में तैनात है। छुुट्टियों में घर आई है। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर अन्य दो युवकों की तलाश कर रही है।