रुद्रपुर। चार दिन पहले भूरारानी स्थित एक केमिकल फैक्ट्री से 75 लाख रुपये के केमिकल बरामद करने के मामले की जांच के लिए पुलिस जल्द असम और पंजाब के बठिंडा जाएगी। बरामद केमिकल को बठिंडा से असम के लिए भेजा था, लेकिन केमिकल रुद्रपुर पहुंचा दिया। मामले में पुलिस चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि सरगना पुलिस की पकड़ से बाहर है।
सूचना पर पुलिस ने बीते 18 मार्च को भूरारानी स्थित साईं केमिकल फैक्ट्री में छापा मारकर 20 हजार लीटर अल्कोहल से भरे टैंकर के साथ ग्राम मिनौनी थाना रोहटा जिला मेरठ निवासी सतीश कुमार को गिरफ्तार किया था। तलाशी में फैक्ट्री से भी 13,500 लीटर अवैध अल्कोहल बरामद हुआ था।
अल्कोहल को कब्जे में लेने के बाद सतीश की निशानदेही पर पुलिस ने फैक्ट्री स्वामी यादवेंद्र शर्मा, पद्म शर्मा और करनैल सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया, लेकिन केमिकल का ऑर्डर देने वाला शहजाद नगर रामपुर यूपी निवासी राजू पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका। जांच के बाद पुलिस के सामने इस बात का खुलासा हुआ था कि केमिकल पंजाब के बठिंडा से असम के लिए रवाना हुआ था, लेकिन राजू की डिमांड पर केमिकल को रुद्रपुर लाया गया।
मेरठ में किसी और चालक ने केमिकल का कैंटर सतीश को सौंपा था। बरामद केमिकल से तीन करोड़ कीमत की करीब 50 हजार लीटर अंग्रेजी शराब तैयार करने की योजना थी। मामले में फरार चल रहे राजू की धरपकड़ के लिए दबिश देने के साथ ही पुलिस आगे की जांच के लिए असम और बठिंडा जाने की भी तैयारी कर रही है।