काशीपुर। बाबा राम रहीम के अनुयायियों की ओर से शांति भंग करने की किसी प्रकार के प्रयास को विफल करने को लेकर पुलिस सजग और तैयार है। शनिवार को एएसपी डॉ.जगदीश चंद ने कहा कि पुलिस यहां बाबा राम रहीम के अनुयायियों पर नजर रखे हुए है। किसी प्रकार की घटना से निपटने के लिए सभी थाना चौकियों को सजग कर दिया है। दंगा रोधी वाहन और साजो सामान तैयार है।
पुलिस मुस्तैदी से स्थिति पर नजर रखे हुए है। जिले में धारा -144 लगी है, पुलिस इसका मुस्तैदी से पालन कर रही है। डॉ. जगदीश चंद ने बताया कि हालांकि क्षेत्र में शांति है। इसके बावजूद पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है। इस संबंध में सभी थानों व चौकियों को आपस में संपर्क बनाए रखने और किसी प्रकार की घटना होने पर निपटने को तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।
नगर में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
बाजपुर। डेरा सच्चा सौदा के बाबा गुरमीत सिंह राम रहीम के मामले को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। शनिवार को शाम नगर के मुख्य मार्ग पर ब्लाक कार्यालय के सामने से मुंडिया पिस्तौर तिराहे तक फ्लैग मार्च निकाला गया। मुख्य चौकों पर पुलिस बल तैनात है।
कोतवाली में पुलिस बल के अलावा दो प्लाटून पीएसी तैनात है। फ्लैग मार्च में कोतवाल वीडी उनियाल, एसएसआई सुशील कुमार, एसआई सुधाकर जोशी, टीसी जोशी आदि थे।