रुद्रपुर। चिकित्सकों के मना करने के बाद भी युवक द्वारा शराब नहीं छोड़ना उसे महंगा पड़ गया। लगातार शराब के सेवन से युवक का स्वास्थ्य इतना बिगड़ गया कि उसे जान से हाथ धोना पड़ा।
मूलरुप से ग्राम आंगलो जिला जाजपुर ओडिशा निवासी प्रमेश कुमार शामल (32) पुत्र प्रफुल्ल चंद्र महापात्रा पत्नी छवि शामल और एक चार वर्षीय बेटे के साथ सिंह कॉलोनी में किराए पर रहते थे। आठ वर्ष पूर्व प्रमेश ने सिडकुल की बजाज कंपनी में बतौर मशीन आपरेटर नौकरी शुरू की थी। प्रमेश शराब का आदी था। स्वास्थ्य खराब होने पर चिकित्सकों ने उसे शराब पीने से मना कर दिया था। कुछ समय शराब से दूर रहने के बाद उसने फिर से शराब पीना शुरू कर दिया।
मंगलवार दोपहर कंपनी में दिन की शिफ्ट खत्म करने के बाद करीब ढाई बजे प्रमेश घर पहुंचा और शराब पीने लगा। रात में प्रमेश का स्वास्थ्य खराब हुआ तो पत्नी ने पड़ोस में रहने वाले अपने भाई दीपक को बुलाया। कुछ देर बाद हालत ठीक होने के बाद प्रमेश सो गया। बुधवार सुबह प्रमेश ने फिर शराब पी ली, स्वास्थ्य बिगड़ने पर पत्नी उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंची थी, जहां प्रमेश ने दम तोड़ दिया। आदर्श कॉलोनी चौकी के एसआई लाल सिंह बोरा ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पत्नी कहती रही छुड़ा दो पति की शराब
शराब के लती प्रमेश को अस्पताल लाने के बाद उसकी पत्नी छवि उसके स्टाफ के लोगों से हाथ जोड़कर अपने पति की शराब छुड़ाने की विनती करती रही, लेकिन तब तक शराब प्रमेश की जान ले चुकी थी। प्रमेश की मौत के एक घंटे बाद भी छवि उसके मरने का यकीन नहीं कर सकी। पिता की मौत से अंजान चार साल का बेटा भी मां से पिता को उठाकर घर जाने की बात कहता रहा।