रुद्रपुर। त्यौहार के सीजन में हो रही विद्युत कटौती से व्यापारियों का पारा चढ़ गया। उन्होंने ऊर्जा निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि कटौती बंद नहीं की गई तो निगम के दफ्तरों में तालाबंदी की जाएगी।
रविवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले तमाम व्यापारी मुख्य बाजार स्थित बाटा चौक पर एकत्र हुए। उन्होंने लगातार हो रही विद्युत कटौती पर रोष व्यक्त करते हुए ऊर्जा निगम के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा और महामंत्री हरीश अरोरा ने कहा कि त्यौहार के समय बेवजह विद्युत कटौती से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। लापरवाह अधिकारी त्यौहारों से पहले आराम फरमाते हैं और त्यौहार सिर पर आते ही मरम्मत के नाम पर विद्युत कटौती करते हैं।
कहा कि कटौती बंद नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। वहां मनोज छाबड़ा, प्रांजल गावा, पवन गावा, इंद्रजीत सिंह, अमित बांगा, सुनील आर्य, चिराग जैन, सुशील गावा आदि थे।