काशीपुर। सुरक्षा की दृष्टि से शहर में लगाए गए सीसीटीवी की मियाद पूरी होने पर उन्हें बदल दिया है। नए कैमरों में नाइट विजन होने के साथ ही दूर तक फोकस और गुणवत्ता की खूबियों से लैस हैं। शहर में छह स्थानों पर नए कैमरे लगाए गए हैं।
अमर उजाला ने अपने चार अप्रैल के अंक में पुलिस की तीसरी आंख की मियाद पूरी शीर्षक से समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसमें मियाद पुरी कर चुके पुराने कैमरे, नाइट विजन, फोकस आदि बिंदुओं को प्रमुखता से उठाया गया था। समाचार प्रकाशित होने के बाद एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने इस संबंध में गंभीरता दिखाते हुए केजीसीसीआई सभागार में हुई एक बैठक में उद्योगपतियों से कैमरे बदलने में सहयोग करने की मांग की थी।
उद्योगपतियों की सहायता से अब पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर लगाए पुराने कैमरों को बदलकर नए कैमरे लगा दिए गए हैं। एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि चीमा चौराहा, महाराणा प्रताप चौक, टांडा उज्जैन, चैती चौराहा, रोडवेज, रेलवे स्टेशन सहित कुल 11 संवेदनशील स्थानों पर नए कैमरे लगाए गए हैं। बताया कि जहां नए कैमरों की गुणवत्ता पहले से बेहतर है, वहीं इनका फोकस 50 मीटर से अधिक होगा।