काशीपुर। नगर निगम प्रशासन ने क्षेत्र के प्रत्येक घर व किरायेदारों को गीला-सूखा कूड़ा पृथक रखने के लिए डस्टबिन वितरण शुरू कर दिया है। नगर निगम परिसर में शुक्रवार को मेयर और नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने घर-घर डस्टबिन वितरण अभियान का शुभारंभ करते हुए डस्टबिन वितरण वाहन को झंडी दिखाकर रवाना किया।
मेयर दीपक बाली व नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक घर व किरायेदार को 2 डस्टबिन गीला-सूखा कूड़ा अलग-अलग रखने के लिए उपलब्ध कराएं जाएंगे। डस्टबिन वितरण अभियान वार्ड संख्या एक से शुरू हुआ और प्रतिदिन 1-2 वार्डों में घर-घर जाकर लगभग 80,000 डस्टबिन का वितरण किया जाएगा ताकि स्वच्छ, सुंदर एवं कचरा पृथक्करण युक्त काशीपुर के निर्माण में सभी नागरिकों की सहभागिता हो सके। मेयर ने कहा कि निगम प्रशासन काशीपुर को काशी की तरह सजाने को प्रयत्नशील है। यहां पर एसएनए विनोद लाल, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, पार्षद दीपा पाठक, अनीता कांबोज, वैशाली गुप्ता, अब्दुल कादिर, संजय शर्मा, सतीश कुमार, सिटी मिशन मैनेजर मोहम्मद जफर, अवनीश चौहान, ईश्वर चंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।