काशीपुर। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह ने कहा कि विभिन्न राजनैतिक दलों ने दलित समाज का शोषण किया है। राजनैतिक पार्टियां बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की ओर से निर्मित संविधान के मूल तत्वों के साथ खिलवाड़ कर रही हैं।
मंगलवार को मुरादाबाद रोड स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दलित समाज को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होना पड़ेगा। जल्द ही भीम आर्मी की जिला कार्यकारिणी गठित की जाएगी। कहा कि भीम आर्मी मनुवादियों के शोषण से निजात पाने और अपने अधिकारों को प्राप्त करने के लिए दलितों को एकजुट करेगी।
काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में भी पखवाड़े भर का कार्यक्रम आयोजित कर संगठन का प्रचार प्रसार किया जाएगा। वहां होशियार सिंह, अजय कुमार आजाद, रोहित कुमार, राहुल, हिमांशु, केशव कुमार, विकास कुमार, दिनेश कुमार, शुभम, राजेंद्र सिंह आदि थे।