रुद्रपुर। 18वीं अंतर जनपदीय पुलिस, पीएसी, आईआरबी, जीआरपी, एसडीआरएफ की कुश्ती, कबड्डी, भारोत्तोलन, बाक्सिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन कई रोचक मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने बाक्सिंग, कुश्ती और भारोत्तोलन में अपना दमखम दिखाया। पुरुषों की कुश्ती में देहरादून और महिलाओं वर्ग में 31वीं वाहिनी पीएसी के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।
रविवार को पुलिस लाइन में प्रतियोगिता के दूसरे दिन महिला मुक्केबाजी के फाइनल में अलग-अलग भार वर्ग में पौड़ी की पायल तोमर ने ऊधमसिंह नगर की मनीषा कुंवर को चंपावत की पूजा कार्की ने नैनीताल की भारती को, 31वीं वाहिनी की कमला बिष्ट ने 40वीं वाहिनी की नीरज रानी को, हरिद्वार की नंदिनी ने ऊधमसिंह नगर की सुनीता फर्त्याल को, ऊधमसिंह नगर की नम्रता कस्न्याल ने 31वी वाहिनी की लता जीना को और ऊधमसिंह नगर की संगीता ने 31वीं वाहिनी की नेहा बिष्ट को शिकस्त देकर ट्राफी पर कब्जा जमाया। पुरुषों की मुक्केबाजी सेमीफाइनल में नैनीताल के केदार सिंह, अल्मोड़ा के सूरज धामी, पिथौरागढ़ के नीरज चंद्र, 31वीं वाहिनी के हरीश सिंह, हरिद्वार के मनोज सिंह, देहरादून के तरुण नेगी, विशाल सिंह, ऊधमसिंह नगर के जगत सिंह, आईआरबी द्वितीय के राहुल चौधरी और देहरादून के आदित्य राठी ने अलग-अलग भार वर्ग में जीत दर्ज कर फाइनल में स्थान सुनिश्चित किया।
महिला वर्ग की कुश्ती में 31वीं वाहिनी की नीतू, मनीषा गोस्वामी, सुनीता बेलवाल, पूनम जोशी, विमला चंद्र, रीता राणा, लता जीना के अलावा नैनीताल की रूबी चौहान, चमोली की नंदी और हरिद्वार की रजनी ने अलग-अलग भार वर्ग में जीत दर्ज की। पुरुषों की कुश्ती में आईआरबी प्रथम के हेमंत सिंह, पौड़ी के नवनीत, देहरादून के जोंगेंद्र, देहरादून के भरतवीर, विश्वास कुमार, सुमित कुमार, आईआरबी द्वितीय के सचिन, 40वीं वाहिनी के रमेश रावत, आईआरबी प्रथम के प्रीतम और 31वीं वाहिनी के देवेंद्र मेहता ने अपने-अपने भार वर्ग में बाजी मारी। पुरुष वर्ग की कुश्ती में देहरादून की टीम 26 अंक के साथ पहले स्थान पर रही।
31वीं वाहिनी पीएसी की टीम 20 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। महिला कुश्ती में 31वीं वाहिनी पीएसी की टीम 41 अंकों के साथ सब पर भारी पड़ी। जबकि 40वीं वाहिनी की टीम 15 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रही। महिला भारोत्तोलन में हरिद्वार की दीपा मेहरा, 31वीं वाहिनी की मीना गोस्वामी, पूनम जोशी, अंजू श्रीवास्तव, ऊधमसिंह नगर की पुष्पा बिष्ट, देहरादून की वैशाली, देहरादून की दीपा रावत, 40वीं वाहिनी की रीना कैन्थूरा अलग-अलग भार वर्ग में विजेता रहीं। पुरुष भारोत्तोलन के अलग-अलग भार वर्ग में 31वीं वाहिनी के उत्तम सिंह, गौरव गुरुरानी, नैनीताल के राजकुमार परिहार, अनवर खान, दिनेश जोशी, गौरव बिष्ट, अल्मोड़ा के संतोष उप्रेती और आईआरबी प्रथम के आकाश धीमान ने जीत दर्ज की। सोमवार को प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।