काशीपुर। टेक्नो इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के श्रमिकों ने तीन माह के बकाया वेतन की मांग को लेकर नगर की सड़कों पर जुलूस निकाल कर एमपी चौक पर प्रदर्शन किया। रविवार को पंत पार्क में टेक्नो इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के श्रमिकों ने सभा की। टेक्नो के श्रमिकों ने कहा कि उनको तीन चार महीने से वेतन नहीं मिला है। श्रमिक फंड जमा नहीं होता है। बोनस भी नहीं दिया जाता है।
श्रमिक वर्षों से काम कर रहे हैं उनको स्थायी नहीं किया जाता है। वेतन बढ़ाने की मांग पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। रिचा श्रमिक संगठन, इंकलाबी मजदूर केंद्र और पछासं के प्रतिनिधियों ने टेक्नो के श्रमिकों को समर्थन देने की घोषणा की है। रिचा श्रमिक संगठन के महामंत्री योगेश पांडे ने कहा कि उनके संगठन ने संघर्ष और एकता के बल पर कई सुविधाएं हासिल की है। इंकलाबी मजदूर केंद्र के खीमानंद जोशी ने कहा कि आर्थिक मंदी के नाम से पूंजी पति मजदूरों का ही शोषण कर रहे हैं।
सभा में उत्पीड़न और समय पर वेतन नहीं देने के विरोध में संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया। सभा के बाद जुलूस नई सब्जी मंडी, मुख्य बाजार, एमपी चौक, स्टेशन रोड होकर वापस पंत पार्क पहुंच कर संपन्न हुआ। जुलूस में संजय कुमार, दिनेश कुमार, अमित कुमार, प्रेमपाल, सुरेंद्र कुमार, गोविंद, रमेश पंचाली, नवनीत कुमार आदि थे।