किच्छा में पत्रकार वार्ता करते विधायक शुक्ला।
- फोटो : RUDRAPUR
24किच्छा। विधायक राजेश शुक्ला ने कहा है कि विधानसभा क्षेत्र की 10 नई सड़कों और 14 पुरानी सड़कों के निर्माण के लिए लोनिवि ने साढ़े सात करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। इस धनराशि से कुल 49 किमी सड़कों की मरम्मत और निर्माण होगा।
शनिवार को अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि नवनिर्मित सड़कों में एनएच-74 श्मशान घाट से सुनहरा कैनाल रोड, किच्छा बाजार में रुद्रपुर रोड से बंडिया भट्ठा नमक फैक्ट्री तक, लालपुर में नेशनल हाईवे से आस्था एन्क्लेव तक, ग्राम वीरू नगला में आंतरिक सीसी मार्ग, ग्राम जवाहर नगर गेट से जवाहरनगर तक मुख्य मार्ग दो किमी सहित अन्य सड़कें शामिल हैं।
14 पुरानी सड़कें जो टूट गई हैं उनके निर्माण के लिए तीन करोड़ तीन लाख रुपये जारी हुए हैं। इनमें लालपुर से महाराजपुर मार्ग, कनकपुर से प्रतापपुर मार्ग, आनंदपुर लिंक मार्ग, इंदरपुर लिंक मार्ग, लालपुर नगला मार्ग से गौरीकला तक शहीद देव बहादुर थापा मार्ग, किच्छा दरऊ मार्ग से सैजना लिंक मार्ग, सैजनी से रायपुरा तक सहित अन्य सड़कें शामिल हैं।
कहा कि जल्द ही किच्छा-हल्द्वानी मार्ग से शांतिपुरी नंबर चार का मुख्य मार्ग, लेफ्ट पाहा नहर की कवरिंग, रपटा पुल के द्वितीय चरण की राशि जारी होने वाली है। उनका एजेंडा सिर्फ विकास है। सबसे पुराने क्षेत्र किच्छा को जो विकास में पिछड़ गया है उसे रुद्रपुर, काशीपुर और हल्द्वानी से बड़ा शहर बनाना उनका लक्ष्य है। (संवाद)