रुद्रपुर। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत लॉटरी में नाम आने के बाद भी 660 बच्चों का दाखिला नहीं हुआ। इसका कारण है कि सूची में नाम आने के बाद भी अभिभावक स्कूल तक नहीं पहुंच सके।
शिक्षा विभाग के अनुसार, ऊधमसिंह नगर में आरटीई के तहत कुल 692 विद्यालय सत्यापित हैं जिनमें 6,421 सीटें उपलब्ध थीं। प्रथम चरण की लॉटरी में 5,247 बच्चों को विभिन्न विद्यालय आवंटित किए गए लेकिन इनमें से सिर्फ 4,587 बच्चों का ही प्रवेश पोर्टल पर दर्ज हो पाया। यानी 660 बच्चे ऐसे रहे जिनके अभिभावकों ने विद्यालय आवंटित होने के बावजूद प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं की।
कुल सीटों के मुकाबले अभी 1,834 सीटें रिक्त हैं। माना जा रहा है कि कई अभिभावकों को उनकी पसंद के विद्यालय नहीं मिले जबकि कुछ दस्तावेजों की कमी, सत्यापन संबंधी त्रुटियां और समय पर जानकारी न मिलने से प्रवेश नहीं करा सके। कई ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी समस्याएं भी बाधा बनी रही।
कोट
आरटीई के तहत प्रवेश प्रक्रिया लगातार जारी है। अभिभावक विभाग से जारी सूचनाओं पर नजर रखें और आवश्यक दस्तावेज समय से तैयार रखें ताकि किसी भी बच्चे का निशुल्क शिक्षा का अधिकार अधूरा न रह जाए।
हरेंद्र कुमार मिश्रा, मुख्य शिक्षा अधिकारी