बुधवार को शाम अंधड़ और बारिश के चलते पेड़ गिरने से बिजली के करीब 65 पोल धराशायी और दो किमी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे बद्रीपुर, गोबरा, कनौरा, केलाखेड़ा, महौली, हरिपुरा, जोगीपुरा, बेरिया दौलत, बरहैनी, बन्नाखेड़ा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे गांव रातभर अंधकार डूबे रहे। इधर, विद्युत विभाग के ईई अजीत कुमार यादव ने बताया कि आंधी से विभाग को भारी नुकसान हुआ है।
टाउन को छोड़कर ग्रामीण क्षेत्र में आपूर्ति बाधित है। कर्मचारियों को लाइनों को ठीक करने के लिए विशेष तौर पर लगाया गया है। कम दूरी वाले फीडरों की लाइनों को ठीक किया जा रहा है, जिससे आपूर्ति सुचारु हो सके। अंधड़ बारिश से नगर की कई दुकानों के आगे लगे टीनशेड भी उड़ गए। जिससे आंधी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। केलाखेड़ा के पास अंधड़ बारिश के दौरान एक बाइक सवार गिर गया। हादसे में बाइक पर सवार दंपति घायल हो गया।