काशीपुर नगर निगम के कर्मचारी अतिक्रमण हटाने के दौरान नाली के ऊपर और सड़क पर रखे सामान और ठेलियों को नगर निगम ले गए। दुकानदारों ने विरोध में नगर निगम कार्यालय के सामने धरना दिया। व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक वर्मा ने निगम पर दुकानदारों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। बाद में निगम के अधिकारियों के हस्तक्षेप से दुकानदार अपना सामान ले गए।
सोमवार को नगर निगम के कर्मचारियों ने नगर निगम मार्केट के सामने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान कर्मचारी नाली के ऊपर व नाली के बाहर सड़क पर रखे सामान, डस्टबिन, सामान से भरी ठेलियां नगर निगम ले गए और जमा कर दी। यह खबर फैलते ही दुकानदार एकत्र हो गए। नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक वर्मा के नेतृत्व में दुकानदार धरने पर बैठ गए। निगम कर्मी जिन दुकानदारों का सामान ले गए थे। दुकानदारों ने बताया कि उनका सामान नाली के अंदर दुकान में था। निगम कर्मी नाली के ऊपर पटले में रखा, सामान, डस्टबिन स्टूल व पानी की केन तक उठा कर ले गए। जबकि निगम कर्मियों ने कहा कि सारा सामान नाली के पार सड़क पर लगा था। बार-बार चेतावनी देने पर भी सामान नहीं हटाया।
दीपक वर्मा ने कहा कि अगर किसी दुकानदार ने सड़क पर सामान लगाया है तो उसका कोर्ट का चालान काटा जाए। निगम को दुकानदार का सामान उठाने का कोई अधिकार नहीं है। देव भूमि व्यापार मंडल के नेता राकेश नरुला ने निगम कर्मियों पर आरोप लगाकर कहा कि जो दुकानदार हजारों रुपये महीना लेकर अपनी दुकानों के सामने अवैध रूप से फड़ लगवाते हैं। निगम कर्मी अतिक्रमण विरोध अभियान चलाने से पहले उनको सचेत कर देते हैं।
दुकानों के सामने फड़ लगवाने वाले दुकानदारों ने निगम कर्मियों से मिलकर कमाई का जरिया बना लिया है। इनकी देखा देखी और भी फड़ लगते हैं। दीपक वर्मा और राकेश नरुला ने निगम के अधिकारी से बात कर घटना पर रोष जताया और दुकानदार अपना सामान वापस ले गए। धरना देने वालों में दीपक वर्मा, राकेश नरुला, दीपक कुमार, राजीव अरोरा, कमल सेठी, विजय नारंग, संजीव नारंग, आशु वर्मा, विक्की खरबंदा आदि थे।