जसपुर। पुलिस चेकिंग के दौरान एमवी एक्ट में सीज हुए वाहनों की मंगलवार को नीलामी की गई। 53 बाइकें 5.15 लाख एवं एक सेंट्रो 31 हजार रुपये की नीलाम हुई। नीलामी में 89 ठेकेदारों ने प्रतिभाग किया।
सीओ दीपक सिंह ने बताया कि वर्ष 2010 से वर्ष 2023 के मध्य एमवी एक्ट में सीज हुए 54 वाहनों की सूची तैयार कर वाहन स्वामियों को अपने वाहन रिलीज कराने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। उनकी ओर से नोटिस का जवाब न देने पर कोर्ट को अवगत कराया गया था। मंगलवार को कोर्ट के आदेश पर सूत मिल चौकी में नीलामी की प्रक्रिया को अपनाया गया। एसडीएम चतर सिंह चौहान की अध्यक्षता में पंजीकृत ठेकेदारों ने बोली लगाई। 53 मोटरसाइकिल व एक सेंटरो की सबसे ऊंची बोली 5.46 लाख रुपये लगाकर ठेकेदार मोहम्मद फईम ने सभी वाहन खरीद लिए। वहां सीओ दीपक सिंह, टीटीओ प्रमोद कर्नाटक, कोतवाल जगदीश सिंह ठकरियाल, एसएसआई जावेद मलिक आदि थे।