सुल्तानपुर पट्टी। स्कूली बच्चों से भरी वैन को बुधवार सुबह अज्ञात डंपर ने साइड से टक्कर मार दी। इस हादसे में वैन में सवार मासूम बच्चे बाल-बाल बचे, जबकि वैन क्षतिग्रस्त हो गई।
आलू फार्म काशीपुर स्थित गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल के प्रबंधक नीरज कपूर ने बताया कि बुधवार सुबह आठ बजे स्कूल की वैन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। वैन में 18 बच्चे सवार थे। उसी समय काशीपुर की ओर से एक अज्ञात डंपर चालक ने स्कूली वैन में साइड से टक्कर मार दी, जब तक वैन चालक कुछ कर पाता तब तक डंपर लेकर चालक भाग गया। इसमें स्कूली वैन क्षतिग्रस्त हो गई। बताया कि वैन में सवार बच्चे घबरा गए और चीख पुकार मचाने लगे। वहां मौजूद लोगों ने बच्चों को वैन से निकाला और अभिभावकों को सूचना दी।
बच्चों के परिजनों ने पुलिस चौकी पहुंचकर चौकी इंचार्ज के सामने डंपर चालक को जल्द पकड़ने की मांग की। कहा कि डंपर चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। स्कूल प्रबंधक ने घटना की तहरीर दी।
चौकी इंचार्ज अशोक कुमार ने बताया कि हाईवे किनारे लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उनसे अज्ञात डंपर चालक का पता लगाया जाएगा। शीघ्र ही हादसे के लिए जिम्मेदार डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डंपर ने स्कूली वैन को मारी टक्कर, बच्चे बाल-बाल बचे