काशीपुर में ड्यूटी के दौरान हृदयाघात से रोडवेज के एक अक्षम चालक की हालत बिगड़ गई। डिपो चौकीदार ने उसे सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव उसके परिजनों को सौंप दिया है।
ग्राम भायपुरा जसपुर निवासी राजकुमार (60) पुत्र रामस्वरूप सिंह काशीपुर रोडवेज डिपो में चालक के पद पर तैनात थे। कुछ महीने पूर्व मुख्यालय द्वारा घोषित अक्षम चालकों की सूची में उनका भी नाम शामिल था। डिपो प्रबंधन ने उसे डीजल कक्ष का कार्य सौंपा था। मंगलवार को उनकी रात की ड्यूटी थी। रात करीब तीन बजे अचानक सीने में दर्द होने लगा। हालत बिगड़ने पर कार्यशाला गेट पर तैनात चौकीदार शरीफ ने उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। डॉक्टर मदन मोहन ने बताया कि राजकुमार को हार्ट अटैक पड़ा था। इसी से उसकी मौत हुई है। मृतक राजकुमार ग्राम प्रधान रह चुका है। मृतक का पुत्र जितेंद्र सिंह डिपो में बाह्य श्रोत से परिचालक है। सहायक महाप्रबंधक इंद्रासन ने बताया कि राजकुमार 31 अक्तूबर को सेवानिवृत्त होने थे। राजकुमार के निधन पर डिपो कर्मचारियों ने शोक व्यक्त किया।