दिनेशपुर। ग्राम स्वराज अभियान योजना के तहत कालीनगर गांव में लगाएं गए शिविर में विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।। उज्जवला योजना के तहत गरीबों को गैस कनेक्शन न बांटे जाने पर महिलाओं ने शिविर में हंगामा किया।
बुधवार को लगाए गए शिविर में सौभाग्य योजना के तहत बिजली विभाग की ओर से 20 लाभार्थियों के आवेदन फार्म भरे गए। प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की ओर से विभिन्न प्रकार के ऋण योजनाओं की जानकारी दी गई। मिशन इंद्रधनुष योजना के तहत चार गर्भवती महिला, 11 बच्चों को खसरे, 10 बच्चें को टीटी का इंजेक्शन लगाया गया।
उज्ज्वला योजना के तहत इंडेन गैस की ओर से तीन कनेक्शन आवंटित किए गए। उजाला योजना के तहत 50 एलईडी बांटे गए। शिविर में विजयनगर ग्राम सभा के दर्जनों गरीब तबकों के लोगों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन के आवेदन फार्म भराए जाने के बाद भी कनेक्शन नही देने पर महिलाओं ने जमकर हंगामा किया।
उनका आरोप था कि जब उन्हें कनेक्शन नही देना था तो उनसे फार्म क्यों भराये गए। बाद में सभी शिविर का बहिष्कार करके चले गए। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ ग्राम प्रधान बीना सरकार, नोडल अधिकारी परशुराम, गौर सरकार, सुकोमल मंडल, विकास स्वर्णकार, दिलीप सरकार, योगेश मंडल, दीपक शाह, तपन सरकार आदि थे।