रुद्रपुर में ऊधम सिंह नगर का भारत के 115 एस्पिरेशनल (आकांक्षात्मक) जिलों में चयन किया गया है। किसानों की आय दोगुनी करने के लिए डीएम ने बुधवार को डीएम ने कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं पंतनगर के वैज्ञानिकों के साथ कलक्ट्रेट सभागार में बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के 27 न्याय पंचायतों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। नोडल अधिकारी के साथ प्रत्येक न्याय पंचायत में विभिन्न क्षेत्रों के चार वैज्ञानिकों को भी शामिल किया गया है, जो प्रत्येक पांच गांव में जाकर किसानों को जागरूक करेंगे।
डीएम ने कहा छोटी जोत के किसानों को कैसे आगे बढ़ाया जा सकता है, इसके लिए किसानों को इंटीग्रेटेड फार्मिंग, आर्गेनिक एवं मिश्रित खेती के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. अभय सक्सेना को निर्देश दिए कि सभी न्याय पंचायत के नोडल अधिकारियों की मासिक समीक्षा की जाए। किसानों को योजनाओं की जानकारी देने के लिए सरल भाषा में पर्चे तैयार करे। सीडीओ आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि मनरेगा से जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य किए जा सकते हैं, इसके लिए भी किसानों को जागरूक किया जाए। बैठक में पंतनगर के निदेशक प्रसार वाईपीएस डभास, मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ. रामेश्वर सिंह, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. जीएस धामी, सहायक निदेशक रेशम हेम चंद्र आदि थे।