रुद्रपुर में सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एमएससी में जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, गणित और सांख्यिकी विषयों को शुरू करने की मांग को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य के माध्यम से कुमाऊं विवि कुलपति को ज्ञापन भेजा।
बुधवार को प्राचार्य डॉ. गंगा सिंह बिष्ट को ज्ञापन सौंपते हुए कहा एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि एमएससी में जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, गणित और सांख्यिकी विषय न होने के कारण छात्र-छात्राओं को नैनीताल, हल्द्वानी और देहरादून आदि जगहों में प्रवेश लेने के लिए जाना पड़ रहा है। महाविद्यालय में एमएससी में सिर्फ भौतिकी और रसायन विज्ञान विषय ही हैं। कहा कि गत व्रर्ष एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एमएससी में इन विषयों की शुरुआत करने के लुिए भूख हड़ताल की थी। इस पर कुमाऊं विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन ने जल्द विषय शुरू करने का आश्वासन दिया था लेकिन उनके दावे खोखले साबित हुए। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही एमएससी में उक्त विषय शुरू नहीं किए गए तो धरना-प्रदर्शन के बाद भूख हड़ताल की जाएगी। ज्ञापन देने वालों में सौरभ राठौर, गोपाल पटेल, कुनाल रस्तोगी, रचित सिंह, राहुल बिष्ट, विपिन, रामप्रकाश, कमल, राहुल गुप्ता, भारत सिंह, पूजा, प्रिया, निशा शर्मा, अंकित आदि शामिल रहे।