रुद्रपुर। पुलिस विभाग की ओर से चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को सिडकुल की कामकाजी महिलाएं निशुल्क यात्रा का लाभ उठा पाएंगी। इसके लिए यातायात पुलिस की ओर से 20 मैजिक वाहनों की व्यवस्था की गई है। यह वाहन सुबह आठ बजे से शाम सात बजे तक सिडकुल में काम करने वाली महिलाओं को निशुल्क उनके घरों तक पहुंचाएंगी।
यातायात विभाग ने बुधवार को सिडकुल की कामकाजी महिलाओं को सुखद यात्रा का लाभ पहुंचाने की योजना बनाई है। यातायात प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि योजना के तहत बुधवार को 20 मैजिक वाहन सिडकुल चौक पर खड़े रहेंगे। सिडकुल से रुद्रपुुर, दिनेशपुर और किच्छा के लिए संचालित होने वाले इन वाहनों में सिडकुल की फैक्ट्रियों आने-जाने वाली महिलाएं निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
सड़क सुरक्षा सप्ताह के दूसरे दिन मंगलवार को पुलिस ने किच्छा रोड स्थित महाराजा पैलेस में ट्रक, टेंपो, मैजिक और ई रिक्शा चालकों को बैठक ली। बैठक में एसपी सिटी देवेंद्र पींचा और एएसपी स्वतंत्र कुमार ने चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही जाम से बचने के लिए अपनी लेन में चलने के लिए निर्देशित किया। सीओ यातायात बीएस चौहान ने भी चालकों को यातायात के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
नये कैमरों और लाइट से लैस होगी सीपीयू
रुद्रपुर। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सड़क पर उतरी सिटी पेट्रोलिंग यूनिट (सीपीयू) को अब यातायात नियम तोड़ने वालों की विडीयोग्राफी करने के लिए कैमरों पर निर्भर नहीं रहना होगा। एसएसपी डॉ. सदानंद की ओर से पुलिस मुख्यालय देहरादून से सीपीयू के लिए 25 नये बॉडी वार्न कैमरों की व्यवस्था की गई है, जिसे सीपीयू कर्मी अपनी वर्दी पर लगाकर शरीर पर लगाकर रिकार्डिँग कर सकेंगे। साथ ही रात में चालान पेट्रोलिंग आदि के लिए 10 बॉडी लाइट भी सीपीयू के जवानों को उपलब्ध कराई गई हैं।