रुद्रपुर। कुमाऊं विवि से संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश को लेकर लेकर छात्र-छात्राओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने असमंजस को दूर करने के लिए उत्तराखंड के छात्रों को प्रवेश में 10 प्रतिशत अंकों की छूट देने की मांग की है।
इस संबंध में संगठन के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को उच्च शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा। महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष के लिए इन दिनों प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। फिलहाल प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन भरे जा रहे हैं, लेकिन अभी तक विवि प्रशासन ने यह तय नहीं किया कि कितने प्रतिशत अंक वाले छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। इससे प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं में असमंजस बना हुआ है।
इस संबंध में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर उच्च शिक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम प्रताप सिंह शाह को सौंपा। छात्र नेताओं ने कहा कि पूर्व में उत्तराखंड के इंटर पास छात्र-छात्राओं को प्रवेश के लिए दस प्रतिशत की छूट दी जाती थी, लेकिन इस बार अभी तक ऐसा कोई नियम लागू नहीं किया गया है और न ही प्रवेश के लिए पहले की तरह अंकों में छूट की घोषणा की गई है।
वहां अभाविप के जिला संयोजक गोपाल पटेल, रचित सिंह, कपिल शर्मा, सौरभ प्रजापति, राजू पांडे, मोहित चौहान, दिलजोत सिंह बाजवा, सौरभ राठौर, जुगल किशोर, सुरेश कुमार आदि थे।