ग्राम पंचायत बिगराबाग में चल रहे नशे के धंधे से परेशान महिलाओं ने अब खुद ही धंधेबाजों को सबक सिखाने की ठानी है। रविवार को नारी शक्ति संगठन सदस्य महिलाओं ने नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकालकर लोगों को पंफलेट बांटे। इसमें एलान किया गया है कि यदि क्षेत्र में कोई शराब या चरस बेचता पकड़ा गया तो उससे पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। इसके अलावा शराब पीकर अपने परिवार को परेशान करने वाले से दो हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा।
पिछले दिनों गांव में शराब माफिया पर अंकुश लगाने एवं नशे के धंधेबाजों के खिलाफ ठोस कदम उठाने की मांग को लेकर नारी शक्ति संगठन बिगराबाग ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था। रविवार को गांव की महिलाओं ने पूरे गांव में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशे के प्रति जागरूक किया। महिलाओं ने कहा कि शराब, चरस आदि नशीले पदार्थों के इस्तेमाल से घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही हैं।
इस पर अंकुश लगाने में पुलिस प्रशासन विफल साबित हो रहा है। नारी शक्ति ने एलान किया कि शराब पीकर अपने परिवार को परेशान करने वाले, महिलाओं एवं लड़कियों को रास्ते में परेशान करने वालों के खिलाफ अब संगठन अपने स्तर से कार्रवाई करेगा।
महिलाओं ने पंफलेट बांटकर और चिपकाकर शराब, चरस बिक्री करते पाए जाने पर पांच हजार रुपये, शराब पीकर अपने परिवार को परेशान करता पाए जाने पर दो हजार रुपये अर्थदंड की चेतावनी भी दी। वहां पर मंजू कुशवाहा, प्रधान दीपक कुमार, पूनम चौहान, चंद्रा भट्ट, तेजावती, गंगा कापड़ी, विशनी देवी, बसंती देवी, पुष्पा, नंदी, गीता, मोहिनी, लक्ष्मी देवी, जानकी गोस्वामी आदि थे।
नशा नहीं करने का संकल्प लिया
बाजपुर। बजरंग दल की ओर से बुक्सा छात्रावास में युवा संस्कार सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर करने की अपील की गई। इस दौरान मौजूद युवाओं ने नशा नहीं करने का संकल्प लिया। रविवार को बुक्सा छात्रावास परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विहिप के जिलामंत्री यशपाल राजहंस ने कहा कि आधुनिक युग में युवा वर्ग अपने संस्कारों भूल कर इधर उधर भटक रहा है।
विहिप के कोषाध्यक्ष राजेश पाठक ने कविता पाठ के माध्यम से समाज को नशा मुक्त करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नशा के खिलाफ जागरूकता रैली भी निकाली गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुशील द्विवेदी और संचालन योगेश राजपूत ने किया। वहां दीपांशु, डॉ. दीपक गुप्ता, पंडित अजय शुक्ला, नीरज द्विवेदी, शंकर मिश्रा, रामबाबू, नरेश मौर्य, शिवा राजहंस, अनमोल आदि थे।