रबी विपणन सत्र के तीसरे दिन भी रुद्रपुर के सहकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद शून्य रही। रुद्रपुर गल्ला मंडी स्थित खाद्य विभाग के क्रय केंद्र, बिगवाड़ा मंडी समिति स्थित पूर्वी रुद्रपुर किसान सेवा सहकारी समिति के केंद्र, तराई विकास सहकारी संघ, किसान सेवा सहकारी समिति फौजी मटकोटा आदि केंद्रों पर दिनभर सुनसानी रही। गेहूं खरीद के नोडल अधिकारी और एडीसीओ मुरारी लाल वर्मा ने बताया कि रुद्रपुर विकासखंड के क्रय केंद्रों पर अभी तक गेहूं खरीद नहीं हुई है। इधर, सहकारिता विभाग के उपनिबंधक कुमाऊं नीरज बेलवाल ने बताया कि जिले के काशीपुर ब्लॉक में शनिवार को 264 क्विंटल की गेहूं खरीद हुई है।
काशीपुर में दो केंद्रों पर तुला 500 क्विंटल गेहूं
काशीपुर। जिले में गेहूं की खरीद शुरू होने के बाद शनिवार को काशीपुर में दो तौल केंद्रों पर किसानों ने 500 क्विंटल गेहूं तुलवाया। इसमें से एक केंद्र सहकारिता का और एक खाद्य विभाग का है।
शनिवार को ग्राम कचानलगाजी निवासी किसान कुलवंत सिंह ने सहकारी क्रय-विक्रय समिति के चीमा चौराहे स्थित मुख्यालय में बनाए केंद्र पर गेहूं तुलवाया। विकास खंड में एक अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू हुई थी लेकिन सहकारिता और खाद्य विभाग के केंद्रों पर किसान गेहूं तुलवाने के लिए नहीं पहुंचे थे। सहकारिता के तौल प्रभारी राजकुमार ने बताया कि 1975 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा जा रहा है। शनिवार को सहकारिता विभाग के केंद्र पर 200 और खाद्य विभाग के केंद्र पर 300 क्विंटल गेहूं तोला गया। 14 किसानों ने टोकन लिए। (संवाद)
विधायक ने नेफेड के गेहूं क्रय केंद्र का किया शुभारंभ
नानकमत्ता। विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने ध्यानपुर गांव में लगे नेफेड से संचालित गेहूं क्रय केंद्र का शुभारंभ किया। साथ ही सेंटर प्रभारी दयाल सिंह राणा को कोरोना की गाइडलाइन का पालन करते हुए गेहूं तौल कराने के निर्देश दिए। कहा कि तौल में किसी प्रकार की भी कोताही नहीं होनी चाहिए। वहां सह प्रभारी दुष्यंत, नरेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह, शमशेर सिंह, प्रवेश सिंह राणा आदि थे। (संवाद)
चंदेली, बिरिया, चांदपुर और दियां में गेहूं क्रय केंद्र खोलने की मांग
खटीमा। गेहूं क्रय केंद्र को चंदेली में संचालित करने की मांग के लिए किसानों ने तहसील में प्रदर्शन कर एसडीएम निर्मला बिष्ट को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि चंदेली का गेहूं क्रय केंद्र करीब 35 वर्षों से ग्राम में संचालित हो रहा है। इसे दूसरे स्थान पर संचालित करने से क्षेत्र के किसानों को परेशानी उठानी पड़ेगी। ज्ञापन में ग्राम प्रधान पुष्पा देवी, जीवनप्रीत सिंह, कमलदीप सिंह, गोपाल सिंह, सुखदेव सिंह, सरदूल सिंह, राकेश सिंह आदि के हस्ताक्षर हैं। इधर, ग्राम सभा बिरिया के किसानों ने बिरिया, चांदपुर और दियां में गेहूं क्रय केंद्र खोलने की मांग के लिए विधायक पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में गोविंद सिंह राणा, रविंद्र सिंह आदि थे। (संवाद)
बिना रजिस्ट्री वाली जमीनों के किसानों के खरीदे जाएं गेहूं
दिनेशपुर। उत्तराखंड पूर्व सैनिक लीग के जिलाध्यक्ष अवकाश प्राप्त सूबेदार मेजर खड़क सिंह कार्की ने डीएम को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने कहा है कि सरकारी गेहूं खरीद केंद्रों पर उन किसानों के गेहूं भी खरीदे जाएं, जो किसी कारण से जमीन की रजिस्ट्री नहीं करा पाए हैं। अधिकांश पूर्व सैनिकों ने जनजाति समुदाय के किसानों की जमीन खरीदी है लेकिन वे किसी कारणवश जमीन की रजिस्ट्री नहीं करा सके। कहा कि क्रय केंद्रों पर उन किसानों की उपज नहीं खरीदी जा रही है, जिनके नाम पर अभिलेखों में भूमि दर्ज नहीं है। उन्होंने पूर्व सैनिकों की समस्या को देखते हुए समाधान की मांग की है। (संवाद)
रुद्रपुर गल्ला मंडी स्थित आरएफसी के गेहूं खरीद केंद्र में बैठे कर्मचारी।- फोटो : RUDRAPUR