रुद्रपुर के कॉलेज गेट पर विरोध का प्रयास कर रहे छात्रों को समझाती पुलिस।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह पीजी कॉलेज में शुक्रवार को हाईस्पीड इंटरनेट सेवा का उच्च शिक्षा व सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी डिग्री कॉलेजों में 10 दिसंबर तक वाईफाइने इंटरनेट की नि:शुल्क सुविधा शुरू हो जाएगी।
रावत ने कहा कि कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राएं को शिक्षा से संबंधित साइट खोल सकेंगे। ई ग्रंथालय की सुविधा के तहत 29 लाख किताबें उच्च शिक्षा में उपलब्ध हैं।
छात्र-छात्राएं इन सभी किताबों को मोबाइल पर पढ़ सकेंगे। देश के 100 विश्वविद्यालयों से अनुबंध किया गया है। रावत ने कहा कि वर्तमान में राज्य के डिग्री कॉलेजों में 94 प्रतिशत फैकल्टी है, जिसे 30 दिसंबर को 100 प्रतिशत कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुमाऊं विश्वविद्यालय में शीघ्र कृषि संकाय शुरू होने जा रहा है। इसके बाद विभिन्न डिग्री कॉलेजों में कृषि विषय की पढ़ाई शुरू होने से छात्र-छात्राओं के कॅरियर के नए विकल्प खुलेंगे। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर कॉलेज में वाणिज्य संकाय के लिए साढ़े 14 करोड़ रुपये का बजट मिल चुका है। रुद्रपुर कॉलेज में पांच स्मार्ट क्लासों के साथ ही चार डिजिटल क्लास रूम बनाए जाएंगे। छात्राओं के लिए कौशल विकास केंद्र स्थापना की घोषणा की। वहां पर विधायक राजकुमार ठुकराल, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, उच्च शिक्षा उन्नयन समित के उपाध्यक्ष बीएस बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, जिला महामंत्री हिमांशु बिष्ट, उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. कुमकुम रौतेला, प्राचार्य डॉ. केके पांडेय, डॉ. डीकेपी चौधरी, डॉ. गौरव वार्ष्णेय आदि थे।
रुद्रपुर। सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री रावत का कॉलेज में विरोध का प्रयास कर छात्रों को पुलिस ने रोक दिया। छात्रों को समझाने के बाद पुलिस उनको लेकर मंत्री के कार्यक्रम में पहुंचीं। जहां छात्रों ने उच्च शिक्षा मंत्री को सीटें बढ़ाने का ज्ञापन दिया। छात्रों ने कहा कि कॉलेज में 53 प्रतिशत पर मेरिट रोक दी गई है। जिस कारण सैकड़ों छात्र-छात्राएं मेरिट से वंचित हो रहे हैं। मंत्री ने सीटें बढ़ाने का आश्वासन दिया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भी कॉलेज सीटें बढ़ाने को लेकर मंत्री को ज्ञापन दिया।