रुद्रपुर में राजकीय मेडिकल कालेज रुद्रपुर के निर्माण कार्य की प्रगति के संबंध में बुधवार को डीएम ने कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक ली। कार्यदायी संस्था द्वारा प्रस्तावित मेडिकल कालेज के पूर्ण निर्माण के लिए 30 करोड़ की मांग को अधिक बताते हुए डीएम ने निर्माण कार्यों की तकनीकी, गुणवत्ता और किए गए निर्माण कार्यों के संबंध में सीई लोनिवि जीसी विश्वकर्मा की अध्यक्षता में कमेटी गठित की।
डीएम ने कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज यूपी जल निगम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि 2005 से अब तक किये गये निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति व वित्तीय प्रगति मासिक वार प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा 31 मार्च 2016 तक कार्यदायी संस्था द्वारा 47.50 करोड़ के इस्टीमेट के अनुसार सभी कार्य पूर्ण कराए जाने थे। अभी तक कार्यदायी संस्था को शासन से 40 करोड़ 91 लाख की धनराशि मिल चुकी है। जिसमें से कार्यदायी संस्था ने 40 करोड़ 57 लाख 76 हजार की धनराशि व्यय कर ली है। कार्यदायी संस्था द्वारा प्रस्तावित मेडिकल कालेज के पूर्ण निर्माण हेतु अभी भी 30 करोड़ की मांग की जा रही है। डीएम ने 30 करोड़ की मांग को अधिक बताते हुए एक कमेटी का गठन किया। इसमें ईई लोनिवि, ईई ग्रामीण विकास विभाग और मुख्य कोषाधिकारी भूपेंद्र कांडपाल को रखा गया है। डीएम ने सीएमओ को निर्देश देते हुए कहा कार्यदायी संस्था द्वारा जो निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। वहां का भ्रमण कर उन्हें चिन्हित किया जाए। ताकि उन भवनों मे लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं दी जा सके। बैठक में एडीएम प्रताप सिंह शाह, सीएमओ शैलजा भट्ट, सीई लोनिवि, कंसट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज यूपी जल निगम के इंजीनियर मान सिंह, भगवान दास उपस्थित थे।