काशीपुर में निर्माणाधीन मकान में काम करते समय चौखट समेत दरवाजा गिरने से उसमें दबकर एक श्रमिक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मृतका का शव कब्जे में ले लिया है। मृतका के परिजनों तक सूचना न पहुंचने के कारण पंचनामा नहीं भरा जा सका है।
कपकोट (बागेश्वर) निवासी गीता (35) अपने परिवार के साथ ग्राम कचनालगाजी में एक व्यक्ति के मकान में किराए पर रहती थी। उसके तीन बच्चे हैं। तीन माह से उसका पति बलवंत राम कपकोट में हैं। बुधवार को गीता आरके पुरम में जगप्रकाश के निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करने गई थी। सुबह करीब दस बजे उसके ऊपर चौखट समेत दरवाजा गिर गया। जिसके नीचे दबकर गीता गंभीर रूप से घायल हो गई। गृहस्वामी और साथी मजदूरों ने उसे राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। एसआई विजय सिंह ने बताया कि कपकोट में संचार व्यवस्था ठप है। जिस कारण मृतका के परिजनों तक सूचना नही पहुंच पा रही है। ग्राम प्रहरी के माध्यम से मृतका के परिजनों तक सूचना पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मृतका के कुछ रिश्तेदार खटीमा भी रहते है। उन्हें इस संबंध में सूचना दे दी गई है।