गूलरभोज में दोस्तों के साथ बौर जलाशय घूमने आए जसपुर के युवक की नहाते समय डूबकर मौत हो गई। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकालाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जसपुर के पतरामपुर निवासी बलजिंदर सिंह (25 वर्ष) पुत्र सलविंदर सिंह अपने दोस्त कमल, महबूब, बॉबी, मोहम्मद आदिल और इस्तकार के साथ मंगलवार को घूमने के लिए गूलरभोज के बौर जलाशय गया था। वहां मस्ती करने के बाद बलजिंदर, कमल और बॉबी नहाने के लिए स्पिलवे के पास पानी में उतर गए। वहीं बॉबी, मोहम्मद आदिल और इस्तकार ने उनसे जलाशय में उतरने से मना किया, लेकिन वे नहीं माने।
पानी में थोड़ी देर रहने के बाद बलजिंदर ऊपर आया और दोस्तों को मोबाइल थमाकर उसकी फोटो खींचने को कहा। अचानक उसका पैर फिसल गया और गहरे पानी में गिरने से उसकी डूबकर मौत हो गई। इससे दोस्तों में हड़कंप मच गया। उन्होंने बलजिंदर की खोजबीन शुुरू की, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद युवक के डूबने की सूचना पुलिस को दी गई। चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। पानी गहरा होने के कारण गोताखोरों की मदद से एक घंटे बाद शव बरामद हुआ।
सऊदी अरब जाना था, मौत खींच लाई गूलरभोज
गूलरभोज में बौर जलाशय घूमने आए युवक बलविंदर सिंह ने काशीपुर से आईटीआई की थी। काफी मशक्कत करने के बाद उसने सऊदी अरब में सहायक इलेक्ट्रिशियन की नौकरी खोजी थी। उसे अगले महीने पांच मई को दिल्ली से उड़ान भरनी थी। शायद किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और मौत उसको गूलरभोज बौर जलाशय खींच लाई।
दोस्तों और सिंचाई कर्मियों के मना करने के बाद भी वह पानी में नहाने चला गया। बलविंदर के पिता सलविंदर सिंह की पतरामपुर में सब्जी की दुकान है। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। दूसरे नंबर की बहन बीएसएफ में जालंधर में तैनात है। उसका एक छोटा भाई भी है।
हर साल एक व्यक्ति डूबता है जलाशय में
गूलरभोज में बौर जलाशय में हर साल एक व्यक्ति हादसे का शिकार हो रहा है। वर्ष 2017 में पिपलिया नंबर दो का युवक, 2016 में गदरपुर वार्ड नंबर एक का युवक और 2015 में चक्की मोड़ का एक युवक हादसे का शिकार हो चुका है।