पंतनगर में कैंपस स्कूल में फीस बढ़ोतरी और एनसीईआरटी की किताबें पूरी तरह लागू न करने के विरोध में अभिभावकों ने मंगलवार को भी धरना जारी रखा। अभिभावक संघ की मांग पर बीईओ और तहसीलदार ने मंगलवार को कैंपस स्कूल पहुंचकर स्कूल के अभिलेखों को खंगाला। इस दौरान कई अभिलेख कब्जे में भी लिए गए। छापे के दौरान स्कूल में निजी प्रकाशकों की पुस्तकें मिलीं। धरन दे रहे अभिभावकों ने टीम से स्कूल के खिलाफ मनमानी फीस और जबरन महंगी प्रकाशकों की पुस्तकें लगवाने का आरोप लगाया।
तहसीलदार अमृता शर्मा और बीईओ मतादीन गौतम के नेतृृत्व में पहुंची टीम ने स्कूल के अभिलेखों को खंगाला। साथ ही धरना स्थल पर पहुंचकर अभिभावकों से उनका पक्ष भी जाना। टीम ने माना कि स्कूल में कुछ खामियां हैं, जिन्हें जांच में परखा जाएगा। खामियां मिलने पर प्रधानाचार्य और प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव हरीश पनेरू ने कहा कि स्कूल प्रबंधन और आंदोलनकारी आपस में वार्ता कर समाधान निकालें। साथ ही अभिभावक शिक्षक संघ का गठन न होने से नाराज अभिभावक संघ ने बुधवार को प्रस्तावित फीस संग्रह कार्यक्रम का बहिष्कार करने की अपील की। उधर, प्रधानाचार्य ने समय पर फीस जमा नहीं करने पर विलंब शुल्क ली जाएगी। मंगलवार को धरने पर बैठने वालों में अभिभावक संघ के अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, डॉ. अनूप सचान, जितेंद्र सिंह चिंटू, संजय कुमार आदि थे।