काशीपुर। ठेकेदारों को 14वें वित्त आयोग की मद से हुए निर्माण कार्यों का भुगतान नहीं मिल सका है। इससे भड़के ठेकेदारों ने नगर आयुक्त केके मिश्र का घेराव किया। उन्होंने एमएनए पर भुगतान में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और जल्द भुगतान न होने पर निगम परिसर में धरना देने की चेतावनी दी।
काशीपुर नगर निगम में करीब 1.90 करोड़ रुपये की लागत से 21 निर्माण कार्य कराए गए हैं। इस मद से होने वाले कार्यों का भुगतान 31 दिसंबर तक किया जाना था। ठेकेदारों ने निर्धारित समयावधि में निर्माण कराए। इसके बाद जेई और एई ने नापजोख कर बिल बनाकर लेखा विभाग को प्रस्तुत कर दिए। लेखा विभाग की माप पुस्तिका (एमबी) में 22 दिसंबर को बिल चढ़ा दिए गए। बावजूद इसके 31 दिसंबर तक इन बिलों का भुगतान नहीं हो सका। समय से बिलों का भुगतान न होने से इसमें तकनीकी पेंच फंस गया है। इस मद से भुगतान के लिए निगम अधिकारियों को शासन से स्वीकृति लेनी पड़ेगी। सात माह बाद भी इस मद में पुराने बिलों का भुगतान न होने से ठेकेदार सशंकित हैं। ठेकेदार कल्याण समिति के अध्यक्ष अजय शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को ठेकेदारों ने 14वें वित्त से हुए कार्य के भुगतान की मांग को लेकर नगर आयुक्त केके मिश्र का घेराव किया। उनका कहना था कि एक सप्ताह पूर्व बिल तैयार हो जाने के बाद भी जान बूझकर करीब दो करोड़ के बिलों का भुगतान रोका गया है। नगर आयुक्त के बाजपुर चीनी मिल के कार्यों में व्यस्त रहने के कारण भी भुगतान रुका। जल्द भुगतान न होने पर नगर निगम कार्यालय में धरने की चेतावनी दी गई है। इनमें मो. नसीम, अवध अग्रवाल, शारिक अली, नाजिम, मोबीन आलम, फखरुद्दीन, फुरकान, मनोज आदि थे।