रुद्रपुर। एसबीएस पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मी के बीच करीब 40 फीसदी विद्यार्थियों के मतदान के अधिकार पर संकट खड़ा हो गया है। स्नातक कक्षाओं में करीब 3000 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है लेकिन इनमें से करीब 40 प्रतिशत ने अब तक फीस जमा नहीं की है। ऐसे में फीस जमा नहीं करने वाले विद्यार्थियों को छात्रसंघ चुनाव में मतदान का मौका नहीं मिल पाएगा। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों को समय रहते फीस जमा कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
कॉलेज में बीए, बीकॉम और बीएससी समेत विभिन्न स्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इन कक्षाओं में करीब 3000 विद्यार्थी प्रवेश ले चुके हैं। हालांकि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की फीस अभी जमा नहीं हुई है। फीस जमा नहीं होने से इन विद्यार्थियों का प्रवेश पूर्ण होने की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। छात्रसंघ चुनाव में मतदान का अधिकार उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगा, जिनका प्रवेश नियमानुसार पूर्ण होगा और जिनका नाम वैध मतदाता सूची में दर्ज होगा। ऐसे में फीस नहीं भरने वाले विद्यार्थियों के सामने मतदान से बाहर होने की स्थिति बन सकती है। वहीं, जानकारी के अनुसार, इसका एक कारण ऑनलाइन फीस जमा करने में आ रही दिक्कत भी है क्योंकि कई विद्यार्थी दूर दराज के क्षेत्र में रहते हैं।
कोट-
विद्यार्थियों को फीस जमा कर अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करानी होगी। फीस जमा नहीं करने पर चुनाव में मतदान का अधिकार प्रभावित हो सकता है। ऐसे विद्यार्थी 28 सितंबर तक फीस जमा कर परिचय पत्र ले सकते हैं। - डॉ. अवधेश नारायण सिंह, प्राचार्य