खनन विभाग की टीम ने तीन स्टोन क्रशरों पर छापेमारी की। टीम ने तीनों क्रशरों पर मौजूद उपखनिज की पैमाइश की। जिसमें अवैध स्टाक व अवैध परिवहन पाया गया। इस पर उप निदेशक राजपाल लेघा ने तीनों क्रशरों पर 4.70 करोड़ रुपये के जुर्माने की संस्तुति की। डिप्टी डायरेक्टर लेघा ने बताया कि जुर्माना वसूली की रिपोर्ट जिलाधिकारी को दी जाएगी।
शुक्रवार को खनन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर राजपाल लेघा के नेतृत्व में टीम ने हल्दुआ गांव स्थित लक्ष्मी स्टोन क्रशर पर छापेमारी की। टीम ने क्रशर पर लगे उपखनिज के स्टॉक की पैमाइश की और अभिलेख चेक किए। पैमाइश में 1.16 लाख घनमीटर उपखनिज का स्टॉक मिला, जबकि 1.13 लाख घनमीटर भंडारण की अनुमति है। इसके अलावा अभिलेखों में 1 लाख 48 हजार 300 घनमीटर उपखनिज स्टाक अंकित पाया। इस पर लेघा ने 35 हजार घन मीटर अधिक माल मिलने पर क्रशर मालिक पर अवैध स्टाक व अवैध परिवहन करने के एवज में तीन करोड़ दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
पीलीभीत मार्ग पर गल्फार कंपनी के स्टोन क्रशर पर 1.31 लाख घनमीटर उपखनिज के भंडारण की अनुमति के एवज में 22 हजार घनमीटर उपखनिज मिला और 57 हजार घनमीटर उपखनिज अभिलेखों में दर्ज पाया। इस पर गल्फार कंपनी पर 1.58 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया। भगवती स्टोन क्रशर पर एक लाख 14 हजार घनमीटर स्टाक की अनुमति थी और पैमाइश में 25 सौ घनमीटर अवैध स्टॉक मिलने पर दस लाख रुपये का जुर्माना ठोका। डिप्टी डायरेक्टर लेघा ने कहा कि छापेमारी के दौरान डाले गए जुर्माने की वसूली की संस्तुति कर रिपोर्ट जिलाधिकारी डा. पंकज पांडेय को भेजी जाएगी। इस मौके पर आईएएस विनीत कुमार, सर्वेयर विनोद पांडे, जय प्रकाश, महेंद्र सिंह, प्रताप सिंह, मदन सिंह आदि थे।