रुद्रपुर बाजार के पंजाबी मार्केट के अतिक्रमण पर बृहस्पतिवार को नगर निगम की जेसीबी चली। मनिहारी गली मोड़ से लेकर पंजाबी मार्केट तक करीब 35 पक्के अतिक्रमण और टिनशेडों को तोड़ा गया। अभियान के दौरान बारिश शुरू होने से दोपहर करीब 1:30 बजे अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई रोकनी पड़ी। अब सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सुबह करीब 10:30 बजे नगर निगम और प्रशासन की टीम पुलिस फोर्स के साथ बाटा चौक पर एकत्र हुई। टीम ने मनिहारी गली मोड़ से अतिक्रमण तोड़ना शुरू किया। कुछ दुकानों के अगले हिस्से का अतिक्रमण हटाने के बाद टीम ने पंजाबी मार्केट में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। यहां सड़क के दोनों तरफ जेसीबी से पक्के अतिक्रमण, टिनशेडों और फुटपाथों पर डाले गए फर्श और मार्बल को भी तोड़ा गया। एक दुकान पर ताला लगा देख तहसीलदार अमृता शर्मा ने निगम के अधिकारियों से दुकान पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने को कहा।
इस पर वहां मौजूद दुकानदार ने घबराकर ताला खोल दिया और टीम ने दुकान के अतिक्रमण को तोड़ डाला। टीम ने दुर्गा मंदिर गली में उन्हीं दुकानों से अतिक्रमण हटाया, जिन्हें दुकानदारों की ओर से नहीं तोड़ा जा रहा था। अन्य दुकानदार स्वयं ही अतिक्रमण हटवा रहे थे। अभियान के दौरान अचानक बारिश शुरू होने के कारण करीब 1:30 बजे अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई रोकनी पड़ी। टीम में नगर निगम के अधिशासी अभियंता दिनेश शर्मा, कर निरीक्षक बीसी रेखाड़ी, सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, कोतवाल केसी भट्ट, एसएसआई जगदीश ढकरियाल आदि थे।
वीर हकीकत मार्ग के फुटपाथ पर फिर सजी दुकान
रुद्रपुर। वीर हकीकत मार्ग में बीते सोमवार को अतिक्रमण तोड़ने के बावजूद कुछ दुकानदारों ने दोबारा फुटपाथ पर कब्जा शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को एक मिठाई की दुकान का काउंटर फुटपाथ पर लगाया गया था। नगर निगम और प्रशासन की टीम ने वहां से गुजरने के बावजूद दुकानदार को चेतावनी तक नहीं दी।
नाले के ऊपर अतिक्रमण करने वाले ठेला व्यापारी खदेड़े
रुद्रपुर। बृहस्पतिवार तड़के हुई बारिश के बाद नगर निगम की टीम ने सुबह के समय नालियों का निरीक्षण किया। गाबा चौक के पास नालियों के ऊपर खोखे और ठेले लगा रहे व्यापारियों को टीम ने फटकार मारते हुए वहां से खदेड़ दिया। इसके बाद टीम ने अग्रसेन चौक, आवास विकास समेत विभिन्न स्थानों पर नालियों पर अतिक्रमण का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य नगर आयुक्त जयभारत सिंह, सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई नायक गौतम सिंह आदि थे।