काशीपुर आईटीआई परिसर में पानी की टंकी पर चढ़े ग्रामीण।
- फोटो : amar ujala
कथित रूप से पट्टों की भूमि पर काबिज लोग वक्फ बोर्ड से कब्जा बेदखली का नोटिस मिलने से भड़क गए। उन्होंने पानी की टंकी पर चढ़कर रोष जताया।
आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम कचनाल गुसाई में खसरा नंबर 55 अ और 55 ब वक्फ बोर्ड में कब्रिस्तान की आराजी में दर्ज है। चंकबदी के दौरान गांव में कई खसरों के नंबर बदल गए। इस दौरान कुछ लोगों को पट्टे भी आंवटित कर दिए गए। कब्रिस्तान कमेटी का आरोप है कि उपरोक्त व्यक्ति वक्फ की भूमि पर अतिक्रमण कर रहे हैं। इस मामले में कमेटी के सदर अब्दुल रशीद ने वर्ष 2004 में अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
वहीं इस मामले में वक्फ बोर्ड से बेदखली का नोटिस मिलने से कब्जेदार भड़क उठे। काशीपुर में सीएम के आने की सूचना पर गांव के प्रेम, रामवचन यादव, मुशाहिद हुसैन, अमर सिंह, रामफल, भूरी व अख्तर आदि गांव में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गए। प्रेम ने बताया कि उसने इस संबंध में समाधान में भी शिकायत की थी। जिस पर पटवारी जांच करने आया था। पटवारी ने इस संबंध में तहसीलदार से मिलने को कहा था।
आरोप लगाया कि जब वह तसीलदार से मिलने गया तो उल्टा तहसीलदार ने उसकी बात सुनने के बजाए उसे भगा दिया। इधर टंकी में चढ़कर प्रदर्शन करने की सूचना पर एक वाहन में पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया। इधर, तहसीलदार संजय कुमार ने बताया कि इस मामले में उनसे मिलने कोई नहीं आया था। उक्त भूमि पर वक्फ बोर्ड के आदेश जारी है। तहसील स्तर पर कोई आदेश जारी नहीं किए गए हैं।