काशीपुर। उत्तराखंड के न्यायालयों में वर्ष 2026 के शुरू में 3,35,422 केस लंबित थे, जो 2025 के प्रारंभ में लंबित केसों की संख्या से 48,812 केस कम हैं। वर्ष 2025 में उत्तराखंड के 9 जिलों में लंबित केसों में कमी आई है। यह जानकारी सूचना अधिकार के तहत उत्तराखंड उच्च न्यायालय के लोक सूचना अधिकारी उपलब्ध कराई सूचना से हुई।
नगर निवासी सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उद्दीन ने उत्तराखंड उच्च न्यायालय के लोक सूचना अधिकारी से वर्ष 2025 में लंबित, दायर तथा निपटाए गए केसों की जानकारी मांगी थी। उत्तर में लोक सूचना अधिकारी/ज्वाइंट रजिस्ट्रार एचएस जीना ने सूचना उपलब्ध कराई। जिसके मुताबिक 01 जनवरी 2025 को उच्च न्यायालय में 55,323 केस लंबित थे। जो 31 दिसंबर 2025 को बढ़कर 59,416 हो गये। जबकि उत्तराखंड उच्च न्यायालय के अधीनस्थ न्यायालयों में 3,28,911 केस वर्ष के प्रारंभ में लंबित थे। वर्ष के अंत में घटकर 2,76,006 केस रहे गए। उत्तराखंड के उच्च न्यायालय तथा अधीनस्थ न्यायालयों में 2025 के प्रारंभ में लंबित कुल 3,84,234 केसों में से वर्ष 2025 में 48,812 केस कम होकर कुल 3,35,422 केस लंबित रह गए।
उत्तराखंड के न्यायालयों में 31 दिसंबर 2025 में लंबित कुल 2,76,006 केसों में सर्वाधिक 95,298 केस देहरादून जिले में, दूसरे स्थान पर 77,755 केस हरिद्वार, तीसरे स्थान पर 56,769 केस ऊधमसिंह नगर जिले में लंबित थे। अन्य जिलों में अल्मोड़ा में 1,938, बागेश्वर में 493, चमोली में 1,075, चंपावत में 1563, नैनीताल में 23,437, पौड़ी में 10,868, पिथौरागढ़ में 2,031, रूद्रप्रयाग में 351, टिहरी में 3,207 तथा उत्तरकाशी में 1,221 केस लंबित थे। अल्मोड़ा में वर्ष के शुरूआत की अपेक्षा वर्ष के अंत में 92 लंबित केसों, बागेश्वर में 47, चमोली में 48 व पौड़ी में 91 केसों की बढ़ोतरी हुई। वहीं सर्वाधिक 19,544 केस हरिद्वार, दूसरे स्थान पर 18,857 केस देहरादून तथा तीसरे स्थान पर 9,808 केस ऊधमसिंह नगर तथा चौथे स्थान पर 2,961 केस नैनीताल में कमी आई। अन्य जिलों में 1,126 केस चंपावत, 394 पिथौरागढ़, 83 रुद्रप्रयाग, 260 टिहरी तथा 143 उत्तरकाशी जिले में शामिल हैं।
इन केसों हो चुका है निपटारा
वर्ष 2025 में कुल 2,40,248 केस फाइल हुए, जबकि निपटारा 2,89,060 केसों का हुआ। जो फाइल हुए केसों का 120 और उच्च न्यायालय में दायर केसों की अपेक्षा 82 प्रतिशत केसों का निपटारा हुआ। वहीं अधीनस्थ न्यायालयों में 124 प्रतिशत केसों का निपटारा हुआ। अल्मोड़ा में दायर 97, बागेश्वर में 96, चमोली में 98, चंपावत में 139, देहरादून में 120, हरिद्वार में 159, नैनीताल में 115, पौड़ी में 99, पिथौरागढ़ में 107, रुद्रप्रयाग में 105, टिहरी में 104, ऊधमसिंह नगर में 128 तथा उत्तरकाशी में 107 प्रतिशत केसों का निपटारा किया गया।