रमेश चंद्र आर्य, मुख्य शिक्षा अधिकारी।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। जिले के 33 राजकीय जूनियर हाईस्कूलों को प्रधानाध्यापक मिल गए हैं। शिक्षा विभाग ने जूनियर हाईस्कूल के 28 सहायक अध्यापकों और प्राथमिक स्कूलों के पांच प्रधानाध्यापकों की पदोन्नति कर दी है। सीईओ रमेश चंद्र आर्य ने उम्मीद जताई कि अब सरकारी स्कूलों की पढ़ाई में सुधार होगा।
जिले के 200 जूनियर हाईस्कूलों में से 33 स्कूल बगैर प्रधानाध्यापक या प्रभारी व्यवस्था के सहारे चल रहे थे। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। जूनियर हाईस्कूलों के प्रधानाध्यापकों के 33 रिक्त पदों के लिए लंबे समय से पदोन्नति की प्रक्रिया चल रही थी लेकिन कोरोना महामारी के कारण यह प्रक्रिया धीमी पड़ गई थी।
जिले में अब जूनियर हाईस्कूलों में तैनात 28 सहायकों को प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति दे दी गई है। प्राथमिक स्कूलों के पांच प्रधानाध्यापकों को जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक के रूप में पदोन्नति मिली है।
पदोन्नति सूची में सर्वाधिक 12 शिक्षक-शिक्षिकाएं जसपुर ब्लॉक से हैं। इसी तरह रुद्रपुर ब्लॉक के सात शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हैं। इधर, उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष गुलाब सिरोही, मंत्री दीपक फर्त्याल और कोषाध्यक्ष नितेंद्र सिंह गिल ने पदोन्नति पर शिक्षक-शिक्षकाओं को बधाई दी है।
प्रभारी प्रधानाचार्य के सहारे चल रहे हैं 37 इंटर कॉलेज
रुद्रपुर। जिले में जूनियर हाईस्कूलों को तो प्रधानाध्यापक मिल गए हैं लेकिन 58 इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के 37 पद लंबे समय से रिक्त चल रहे हैं। इंटर कॉलेजों में 21 प्रधानाचार्य कार्यरत हैं। शेष कॉलेज प्रभारी प्रधानाचार्य के भरोसे चल रहे हैं। इससे इंटर कॉलेजों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। (ब्यूरो)