रुद्रपुर। पशु पालकों के लिए अच्छी खबर है। टेंडर प्रक्रिया के चलते करीब डेढ़ माह से बाधित भारत सरकार की ओर से संचालित पशुधन बीमा योजना दोबारा शुरू हो गई है। जिले के छोटे पशुपालकों के लिए बीमा योजना संजीवनी साबित होगी। इस बीमा योजना के तहत पशुपालक अधिकतम पांच दुधारू और 10 छोटे पशुओं का बीमा कराकर लाभ ले सकते हैं।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (यूएस नगर) डॉ. डीएस धामी ने बताया कि पशुओं के बीमा का कार्य सरकार की तरफ से ओरियंटल इश्योरेंस कंपनी को मिला है। पशु पालक अपने पशु का एक वर्ष से तीन वर्ष तक के लिए बीमा किसी पशु चिकित्सा अधिकारी और पशुधन प्रसार अधिकारी के माध्यम से करा सकता है।
इसके अलावा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के कार्यालय में भी पशु पालक संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पशुपालकों को पीटीडी के बिना एक वर्ष के बीमे के लिए 2.93 प्रतिशत और पीटीडी के साथ बीमे में 3.20 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा। तीन साल के बीमा में पीटीडी के बिना 7.42 प्रतिशत और पीटीडी के साथ 7.50 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा।